कपासन में रावण दहन से पहले मौसम का खेल! तेज हवाओं में गिरा रावण का पुतला, कुंभकरण और मेघनाद भी लड़खड़ाए
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में मंगलवार को दशहरा पर्व की तैयारियों के बीच कपासन से एक हैरान करने वाला नजारा सामने आया। यहां रावण दहन से पहले अचानक बदले मौसम ने आयोजन की तैयारियों में खलल डाल दिया। तेज हवाओं के चलते रावण का पुतला नीचे जा गिरा, जबकि कुंभकरण और मेघनाद के पुतले भी टेढ़े हो गए।
जानकारी के अनुसार, कपासन में दशहरा पर्व को लेकर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले तैयार किए गए थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाएं चलने लगीं। हवाओं का असर इतना तेज रहा कि रावण का पुतला अपनी जगह पर टिक नहीं सका और नीचे गिर गया। वहीं अन्य दोनों पुतले भी हवा के दबाव से झुक गए।
जेसीबी की मदद से पुतलों को संभालने की कोशिश
अचानक बिगड़े हालात के बीच मौके पर जेसीबी की सहायता से पुतलों को गिरने से बचाने का प्रयास किया गया। हालांकि तेज हवाओं के कारण रावण का पुतला नीचे गिर चुका था। इस घटनाक्रम से दशहरा आयोजन की तैयारियां प्रभावित हुईं।
हवा थमते ही व्यवस्था सुधारने में जुटा प्रशासन
बताया जा रहा है कि मौसम में इस तरह के अचानक बदलाव की उम्मीद नहीं थी। हवा की रफ्तार कम होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने व्यवस्थाएं संभालने का काम शुरू किया। नीचे गिरे और टेढ़े हुए पुतलों को दोबारा सही स्थिति में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
दशहरा पर्व पर रावण दहन से पहले हुए इस घटनाक्रम ने कपासन में आयोजन की तैयारियों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल प्रशासन पुतलों को फिर से व्यवस्थित करने में जुटा हुआ है।
Tags
Breaking News