उदयपुर में पंचायत चुनाव का घमासान तेज: पहले चरण के मतदान दल कल होंगे रवाना, दूसरे चरण में 248 प्रत्याशी मैदान में

उदयपुर में पंचायत चुनाव का घमासान तेज: पहले चरण के मतदान दल कल होंगे रवाना, दूसरे चरण में 248 प्रत्याशी मैदान में
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर उदयपुर जिले में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। पहले चरण के मतदान की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं। बुधवार 21 अक्टूबर को मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। वहीं दूसरे चरण में नाम वापसी के बाद 248 प्रत्याशी चुनावी मैदान में रह गए हैं, जबकि तीसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि प्रथम चरण में झाड़ोल, फलासिया, कुराबड़, वल्लभनगर, गिर्वा, ओगणा, भीण्डर, नाई, मावली और घासा पंचायत समितियों में मतदान कराया जाएगा। इसके लिए बुधवार सुबह 8 बजे से मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित होगा। राजस्थान कृषि महाविद्यालय और पीएम श्री राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षण एवं रवानगी की व्यवस्थाएं की गई हैं।

22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान

पहले चरण में गुरुवार 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। इसके बाद शनिवार 24 अक्टूबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदान दलों को ईवीएम सहित आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पंचायत समिति वार अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। अंतिम प्रशिक्षण के बाद आवंटित वाहनों से मतदान दलों को रवाना किया जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा और परिवहन व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों की अंतिम प्रशिक्षण में उपस्थिति अनिवार्य होगी। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

दूसरे चरण में 18 प्रत्याशियों ने वापस लिए नामांकन

दूसरे चरण के चुनावों में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ होने लगी है। सोमवार को कुल 18 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन वापस लिए। इनमें कोटड़ा से 2, सुलाव से 2, गोगुंदा से 4, बड़गांव से 6 और देवला से 4 अभ्यर्थी शामिल हैं।

इसके अलावा कुल 104 नामांकन पत्र खारिज हुए हैं। अब दूसरे चरण में 248 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे।

तीसरे चरण का चुनावी बिगुल बजा, पहले दिन 4 नामांकन

तीसरे चरण में नयागांव, कल्याणपुर, खेरवाड़ा और ऋषभदेव पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई।

पहले दिन नयागांव में 3 और कल्याणपुर में 1 अभ्यर्थी ने नामांकन दाखिल किया। खेरवाड़ा और ऋषभदेव में पहले दिन कोई नामांकन नहीं हुआ। इच्छुक अभ्यर्थी 23 अक्टूबर तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।

मतदान दलों के रात्रि विश्राम के लिए 550 लोगों की क्षमता वाले 6 स्थल आरक्षित

चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों के ठहरने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले और मतदान समाप्त होने के बाद लौटने वाले मतदान दलों के लिए उदयपुर शहर में छह स्थान आरक्षित किए गए हैं।

इनमें हिरण मगरी सेक्टर-11, हिरण मगरी सेक्टर-8, प्रतापनगर सामुदायिक भवन और उदियापोल स्थित मीरा बाई शिवाजी नगर सामुदायिक भवन में प्रत्येक की 100 व्यक्तियों की क्षमता निर्धारित की गई है। वहीं प्रतापनगर और चेतक सर्कल स्थित आश्रय स्थलों में प्रत्येक में 75 व्यक्तियों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी।

प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण के मतदान दलों के आगमन के लिए क्रमशः 20 अक्टूबर, 26 अक्टूबर और 1 नवंबर की व्यवस्था तय की गई है। वहीं मतदान प्रक्रिया के बाद 25 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 6 नवंबर की रात को लौटने वाले कार्मिकों के लिए भी ठहरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

सभी छह स्थलों पर प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। उन्हें आवास, बुनियादी सुविधाओं और मतदान कर्मियों की आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।

चुनावी व्यवस्थाओं पर प्रशासन की नजर

जिले में तीनों चरणों की चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था, सुरक्षा और मतदान कार्मिकों के रात्रि विश्राम की तैयारियों में जुटा है। पहले चरण के मतदान में अब बेहद कम समय बचा है, ऐसे में बुधवार को मतदान दलों की रवानगी के साथ चुनावी प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post