लहसुन के गोदाम पर चोरों ने किया हाथ साफ, पिपलियामंडी पुलिस ने खोला राज; 250 किलो लहसुन के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

लहसुन के गोदाम पर चोरों ने किया हाथ साफ, पिपलियामंडी पुलिस ने खोला राज; 250 किलो लहसुन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी में लहसुन के गोदाम से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया 250 किलोग्राम लहसुन बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

रात में गोदाम से गायब हुए थे लहसुन के 10 कट्टे

जानकारी के अनुसार, पिपलियामंडी की विराट कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय अनिल शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 15 अक्टूबर की रात उनके लहसुन गोदाम से 10 कट्टे चोरी हो गए। इन कट्टों में कुल 250 किलोग्राम लहसुन भरा हुआ था। शिकायत मिलने पर पिपलियामंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान 19 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अर्जुन बावरी (28), निवासी देवरी, हाल अयोध्या बस्ती पिपलियामंडी और अंतर सिंह राजपूत (35), निवासी अयोध्या बस्ती पिपलियामंडी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लहसुन चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सभी 10 कट्टे, जिनमें 250 किलोग्राम लहसुन था, बरामद कर जब्त कर लिए गए।

एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में मिली सफलता

मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और एसडीओपी मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा किया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रितेश डामोर, उपनिरीक्षक प्रभुलाल डामर, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह, आरक्षक मान सिंह, एफआरवी चालक महेन्द्र सिंह और प्रहलाद गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post