धीनवा में बदहाल सड़क बनी हादसे की वजह! ट्रेलर में जा घुसी कार, आखिर कब जागेंगे जिम्मेदार?
डीएस सेवन न्यूज निम्बाहेड़ा। निम्बाहेड़ा–मंगलवाड़ मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति एक बार फिर सवालों के घेरे में है। ग्राम धीनवा के पास खराब सड़क के चलते एक कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना ने सड़क की स्थिति और आमजन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर कितने हादसों के बाद खुलेगी जिम्मेदारों की नींद?
निम्बाहेड़ा–मंगलवाड़ मार्ग की खराब हालत अब वाहन चालकों के लिए परेशानी के साथ खतरे का कारण भी बन रही है। सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन सड़क की बदहाली पर कब ध्यान देंगे? क्या सड़क निर्माण के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
जनता की सुरक्षा पर कब दिया जाएगा ध्यान?
सड़कें आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन जब सड़क की खराब स्थिति ही दुर्घटनाओं का कारण बनने लगे तो जिम्मेदार व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
धीनवा में हुए इस हादसे के बाद एक बार फिर निम्बाहेड़ा–मंगलवाड़ मार्ग के जल्द निर्माण की मांग उठ रही है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कदम उठाते हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या जिम्मेदार हादसों के बाद ही जागेंगे या समय रहते सड़क का निर्माण करवाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे?
Tags
Breaking News