28 मत हासिल कर रामेश्वर लाल धाकड़ बने चित्तौड़गढ़ के उप जिला प्रमुख
कांग्रेस प्रत्याशी ने भाजपा की चन्दरी को 21 मतों से हराया, निर्वाचन अधिकारी ने प्रमाण पत्र देकर दिलाई शपथ
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 26 नवंबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद के लिए हुए निर्वाचन में कांग्रेस प्रत्याशी रामेश्वर लाल धाकड़ ने जीत दर्ज की। गुरुवार को जिला ग्रामीण विकास सभागार में संपन्न मतदान में उन्हें 28 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी चन्दरी को 7 मत प्राप्त हुए। इस तरह धाकड़ ने 21 मतों के अंतर से उप जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमाया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख रामेश्वर लाल धाकड़ को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा और पद की शपथ दिलाई।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू की मौजूदगी में निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे शुरू हुई। इसके बाद दोपहर 3 बजे उप जिला प्रमुख पद के लिए मतदान करवाया गया। मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। पूरी प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों और नियमों की पालना सुनिश्चित की गई।उप जिला प्रमुख के निर्वाचन के साथ ही चित्तौड़गढ़ जिला परिषद में नेतृत्व चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई। निर्वाचन के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अभिलेख) राजलक्ष्मी गहलोत, विशेषाधिकारी रविंद्र मेघवाल सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
Tags
Breaking News