सुवासरा पुलिस की कार्रवाई: 61.700 किलो डोडाचूरा जब्त, एक आरोपी और विधि विरुद्ध किशोर गिरफ्तार
गरोठ-उज्जैन फोरलेन के पास रुनिजा रोड पर पकड़े गए दोनों, जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुवासरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 61 किलो 700 ग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी और एक विधि विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुवासरा थाना क्षेत्र की रुनिजा चौकी टीम ने गरोठ-उज्जैन फोरलेन के पास रुनिजा रोड पर कार्रवाई की। इस दौरान जगदीश पिता सत्यनारायण चौहान निवासी निचला मोहल्ला, लौहारी और उसके साथ मौजूद एक विधि विरुद्ध किशोर के कब्जे से दो ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग बरामद किए गए। इन बैगों की तलाशी लेने पर उनमें 61 किलो 700 ग्राम अवैध पीसा हुआ डोडाचूरा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
कार्रवाई के बाद दोनों को गिरफ्तार कर सुवासरा थाने लाया गया। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से जब्त डोडाचूरा के स्रोत और उसकी तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा और एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इसमें सुवासरा थाना प्रभारी निरीक्षक बी.डी. बीरा, रुनिजा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक भारत कटारा और पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
Tags
Breaking News