उदयपुर में सड़क पर पटाखों की दुकानें लगाने वालों पर निगम की कार्रवाई, 52 बॉक्स पटाखे जब्त
सुभाष चौराहे से ब्रह्मपोल तक पहुंची निगम की टीम, अवैध टेंट हटवाए; दीपावली तक जारी रहेगा विशेष अभियान
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। दीपावली के त्योहार के बीच शहर की सड़कों पर अस्थायी दुकानें लगाकर कारोबार करने वालों पर नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सार्वजनिक सड़कों पर टेंट लगाकर पटाखे बेचने और मिठाइयों के काउंटर संचालित करने से यातायात प्रभावित होने की शिकायतों के बीच गुरुवार को निगम की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से लगाए गए टेंट हटवाए गए और कुल 52 बॉक्स पटाखे जब्त किए गए।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में सुभाष चौराहा, रामपुरा चौराहा, रामपुरा रोड और ब्रह्मपोल क्षेत्र को शामिल किया गया। निगम की टीम ने दुकानों के बाहर सार्वजनिक सड़क पर लगाए गए टेंट और उनमें रखे पटाखों को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान सुभाष चौराहा क्षेत्र में 374 वर्गफीट में लगाए गए टेंट से 9 बॉक्स पटाखे जब्त किए गए। रामपुरा चौराहे पर 286 वर्गफीट में लगाए गए टेंट से 7 बॉक्स, रामपुरा रोड पर सौविलया फायर वर्क्स के नाम से संचालित टेंट से 11 बॉक्स और ब्रह्मपोल में होटल ब्लूम के पास जेएमडी फायर वर्क्स के टेंट से 15 बॉक्स पटाखे जब्त किए गए।
नगर निगम के अनुसार, त्योहारों के दौरान दुकानों के बाहर सार्वजनिक सड़कों पर टेंट और काउंटर लगाने से सड़क की जगह घिर जाती है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आमजन को भी आवागमन में परेशानी होती है। निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक रास्तों पर बिना अनुमति इस तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण पर जुर्माने से लेकर जेल तक का प्रावधान
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राजस्थान नगरपालिका अधिनियम-2009 की धारा 245 के तहत सार्वजनिक सड़क और भूमि पर अतिक्रमण दंडनीय अपराध है। इसके तहत स्थायी अतिक्रमण के मामलों में तीन माह से तीन वर्ष तक के साधारण कारावास और 30 हजार से 50 हजार रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है।
दीपावली तक चलेगा अभियान
नगर निगम ने दीपावली तक विशेष अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है। इस दौरान सार्वजनिक सड़कों पर बिना अनुमति टेंट लगाकर पटाखों की दुकानें या मिठाई के काउंटर संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर टेंट और सामान जब्त किए जाएंगे।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्रिहोत्री, विजय जैन सहित निगम के अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
Tags
Breaking News