मंदसौर में सोयाबीन चोरी करने वाली गैंग का खुलासा, 16 क्विंटल 40 किलो माल बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार
नई आबादी थाना पुलिस की कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल 7 लाख रुपए की पिकअप भी जब्त; दो आरोपी फरार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में सोयाबीन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए नई आबादी थाना पुलिस ने एक शातिर चोरी गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 16 क्विंटल 40 किलोग्राम सोयाबीन बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए है। मामले में दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सीतामऊ फाटक ब्रिज के नीचे बने ब्लॉक से अज्ञात आरोपी सोयाबीन चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर नई आबादी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी श्रवण मोगिया की गतिविधियों पर नजर रखी और योजनाबद्ध तरीके से उसे पकड़ लिया। पूछताछ में श्रवण ने अपने दो अन्य साथियों हंसराज मोगिया और राकेश मोगिया के साथ मिलकर सोयाबीन चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सोयाबीन और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त किया।
अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातों की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी श्रवण मोगिया ने मंदसौर जिले के अफजलपुर और सीतामऊ के अलावा रतलाम जिले के असावती क्षेत्र से भी सोयाबीन और लहसुन चोरी करने की बात बताई है। पुलिस जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ नकबजनी और चोरी सहित अन्य धाराओं में पहले से प्रकरण दर्ज होना पाए गए हैं।
एक गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण पिता रामचंद्र मोगिया (21), निवासी नई आबादी अफजलपुर, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। वहीं, हंसराज पिता बाबुसिंह उर्फ बाबूलाल मोगिया और राकेश पिता भोमसिंह मोगिया, दोनों निवासी रंगाराखेड़ी, थाना कानवन, जिला धार फरार बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई।
जब्ती का विवरण:
- सोयाबीन: 16 क्विंटल 40 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 1 लाख 15 हजार रुपए।
- महिंद्रा बोलेरो पिकअप (MP70G0479): अनुमानित कीमत 7 लाख रुपए।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई सोयाबीन चोरी की वारदातों की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य घटनाओं के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है।
Tags
Breaking News