रतलाम में पुलिस ने रोकी यूजीसी विरोध यात्रा, करणी सेना प्रमुख महिपाल सिंह मकराना गिरफ्तार
शहर में प्रवेश करते ही पुलिस ने यात्रा को घेरा, बिना अनुमति आयोजन और कानून-व्यवस्था का हवाला देकर की कार्रवाई; समर्थकों में नाराजगी
डीएस सेवन न्यूज मध्य प्रदेश रतलाम। यूजीसी के नए नियमों के विरोध और उन्हें वापस लेने की मांग को लेकर निकाली जा रही करणी सेना की विरोध यात्रा को मध्यप्रदेश के रतलाम में पुलिस ने रोक दिया। बुधवार को यात्रा के शहर में पहुंचते ही पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और यात्रा में शामिल लोगों के बीच तीखी बहस और हंगामे की स्थिति बन गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद यात्रा में शामिल समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि यात्रा के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने यह कदम उठाया। कार्रवाई के बाद रतलाम के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
मकराना की गिरफ्तारी की सूचना फैलने के बाद समर्थकों में आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तनातनी के बाद शहर में स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
यूजीसी के नए नियमों को लेकर शुरू हुआ विरोध अब रतलाम में पुलिस कार्रवाई के बाद चर्चा में आ गया है। फिलहाल सभी की नजर आगे होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई और करणी सेना की अगली रणनीति पर बनी हुई है।
Tags
Breaking News