नीमच दिवाली पर CBN का बड़ा प्रहार, मऊ में एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी; 11.7 किलो नशा जब्त

मऊ में CBN की बड़ी कार्रवाई, अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़; 11.7 किलो तैयार नशा जब्त

ऑपरेशन वज्र 3.0 के तहत यूपी और एमपी की संयुक्त टीम ने मारा छापा, दो आरोपी गिरफ्तार; करोड़ों की ड्रग्स और रसायन बरामद
डीएस सेवन न्यूज नीमच। दिवाली के त्योहार के बीच नशे के अवैध कारोबार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने बड़ी चोट की है। ब्यूरो की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के ताजोपुर इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित एक अवैध एमडी ड्रग्स निर्माण इकाई का पर्दाफाश किया है। यहां बड़े स्तर पर मेफेड्रोन (एमडी) तैयार की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 11.7 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स सहित भारी मात्रा में प्रतिबंधित रसायन और ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीबीएन मध्यप्रदेश यूनिट से मिले विशेष इनपुट के आधार पर 8 नवंबर को उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की संयुक्त टीमों ने ताजोपुर इंडस्ट्रियल एरिया में संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी। टीम ने जब परिसर की जांच की तो वहां अवैध रूप से एमडी ड्रग्स तैयार करने के लिए प्रयोगशाला संचालित होना सामने आया। मौके पर अलग-अलग निर्माण चरणों में ड्रग्स और रासायनिक पदार्थ रखे हुए मिले।

11.7 किलो एमडी सहित बड़ी मात्रा में रसायन जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम ने 11.7 किलोग्राम शुद्ध मेफेड्रोन (एमडी) और 20.9 किलोग्राम प्रमुख प्रीकर्सर केमिकल 2-ब्रोमो-4-मिथाइलप्रोपियोफेनोन बरामद किया। इसके अलावा 3.5 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड तथा करीब 119.9 किलोग्राम/लीटर अन्य रसायन और सॉल्वेंट्स भी जब्त किए गए। बरामद सामग्री से अवैध रूप से बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ तैयार किए जाने की गतिविधि का खुलासा हुआ है।

मशीनरी और लैब का ढांचा भी किया नष्ट

सीबीएन की टीम ने मौके से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे मिक्सर, ग्राइंडर, स्टील टैंक, डिस्टिलेशन सेटअप, हीटिंग उपकरण और अन्य मशीनरी को जब्त कर निष्क्रिय किया गया। कार्रवाई के बाद अवैध प्रयोगशाला के संचालन पर रोक लगा दी गई।

2026 में छह अवैध लैब पर कार्रवाई

सीबीएन के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक देश में छह अवैध ड्रग्स निर्माण प्रयोगशालाओं का भंडाफोड़ किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 130.2 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त करने के साथ 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मऊ में हुई ताजा कार्रवाई को नशीले पदार्थों के अवैध निर्माण और सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ ब्यूरो की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post