आंजना का भाजपा पर हमला, बोले- प्रदेश में बदलाव की हवा, लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस को लाना जरूरी
मांगरोल में जनसंपर्क के दौरान सरकार को घेरा, खाद, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर उठाए सवाल; कई ग्राम पंचायतों में किया प्रचार
डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा। पंचायती राज चुनाव 2026 के अंतिम चरण के नजदीक आते ही निंबाहेड़ा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने भी चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। वे जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य के कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में गांव-गांव पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं और मतदाताओं से उन्हें समर्थन देने की अपील कर रहे हैं।
इसी क्रम में मांगरोल में आयोजित जनसंपर्क के दौरान आंजना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बदलाव की हवा चल रही है और भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने दावा किया कि अब तक सामने आए चुनावी रुझानों में कांग्रेस समर्थित सरपंचों को अधिक सफलता मिली है, जिसका उदाहरण छोटी सादड़ी क्षेत्र में देखने को मिला है।
आंजना ने कहा कि देश में लोकतंत्र को कायम रखने के लिए कांग्रेस को फिर से मजबूत करना जरूरी है। कांग्रेस प्रत्याशियों को जीत दिलाकर दिल्ली तक यह संदेश पहुंचाना होगा कि राजस्थान की जनता भाजपा सरकार से बदलाव चाहती है। उन्होंने भाजपा पर भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी में कुछ लोगों के हाथों में सत्ता केंद्रित हो गई है। हालात ऐसे हैं कि भाजपा कार्यकर्ताओं को भी अपने काम करवाने के लिए विधायक तक पहुंच रखने वाले नेताओं की तलाश करनी पड़ रही है।
पूर्व मंत्री ने प्रदेश की व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आम आदमी परेशान है, किसानों को खाद के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, बिजली की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो रही और अस्पतालों में व्यवस्थाएं प्रभावित हैं। उन्होंने आमजन से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
इन ग्राम पंचायतों में किया जनसंपर्क
उदयलाल आंजना ने सोमवार और मंगलवार को पंचायत समिति क्षेत्र की बड़ौली घाटा, अरनिया जोशी, टाई, भुजियाखेड़ी, ऊखलिया, सतखंडा, मांगरोल, नरसिंहगढ़ एवं बाड़ी ग्राम पंचायतों में पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।
Tags
Breaking News