चित्तौड़गढ़ में प्रधान चुनाव की सरगर्मी तेज, नामांकन प्रक्रिया शुरू; 199 सदस्य करेंगे मतदान
भाजपा-कांग्रेस के 14-14 सदस्यों के बीच आरएलपी के एक सदस्य की भूमिका अहम, कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में पंचायत समिति प्रधान पदों के चुनाव को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद के निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य अपने-अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच रहे हैं। भाजपा के निर्वाचित सदस्यों ने विधायक चंद्रभान सिंह आक्या के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थिति दर्ज कराई।
निर्धारित चुनाव प्रक्रिया के तहत पहले निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को शपथ दिलाई जा रही है। इसके बाद प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किए जा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान के माध्यम से प्रधान का निर्वाचन होगा।
जिले की सभी 11 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इनमें चित्तौड़गढ़, निंबाहेड़ा, कपासन, बेगूं, बड़ीसादड़ी, भूपालसागर, भदेसर, डूंगला, गंगरार, भैंसरोडगढ़ और राशमी पंचायत समिति शामिल हैं। इन पंचायत समितियों के कुल 199 निर्वाचित सदस्य मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे।
चित्तौड़गढ़ में बराबरी का मुकाबला
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव खासा महत्वपूर्ण बना हुआ है। यहां भाजपा और कांग्रेस दोनों के पास 14-14 सदस्य हैं, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के खाते में गई है। ऐसे में कुल 29 सदस्यों वाली पंचायत समिति में आरएलपी सदस्य का रुख चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण हो गया है।
इसी बीच आरएलपी सदस्य शंकरी बाई की ओर से भाजपा को समर्थन देने संबंधी वीडियो जारी किए जाने के बाद राजनीतिक गतिविधियों पर निगाहें बनी हुई हैं। अब सभी की नजरें नामांकन और मतदान की प्रक्रिया पर टिकी हैं।
कलेक्ट्रेट में पुलिस का पहरा
पिछले चार दिनों से जारी आरएलपी के प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। परिसर में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है तथा वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से निगरानी रखी जा रही है।
नामांकन के बाद मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने पर पंचायत समिति को नया प्रधान मिलेगा।
Tags
Breaking News