अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र से 14 साल की नाबालिग के भागने का मामला सामने आया है। नाबालिग घर से 15 हजार नगदी और चांदी के जेवरात साथ लेकर निकली है। नाबालिग की मां ने थाने में शिकायत दी है।
रामगंज थाना पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र की एक महिला ने मुकदमा दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया- उसकी 14 साल की बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चला। घर आकर देखा तो 15 हजार नगदी और चांदी के जेवरात गायब थे।
इससे पहले भी उसकी बेटी बड़ी बहन के साथ घर से चली गई थी, जिसकी भी थाने में शिकायत दी थी। महिला ने बताया- उनके पड़ोसी ने बेटी को सराधना रेलवे पुलिया पर देखा था। परिवार के लोग उसे ढूंढने गए लेकिन वहां पर कुछ पता नहीं चला। रामगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
ग्रामीण क्षेत्र से भी नाबालिग लापता
गेगल थाना क्षेत्र से भी 17 साल की नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया है। मामले में नाबालिग के पिता ने थाने में शिकायत दी है। शिकायत में बताया कि उसकी बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई, जिसकी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला। पिता ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताया है। गेगल थाना पुलिस जांच में जुटी है