मुर्गी दाना बताकर ट्रैवल्स से भेजते थे अफीम डोडा चूराः उदयपुर पुलिस ने डेढ़ करोड़ कीमत का डोडा पकड़ा, 3 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर की प्रतापनगर पुलिस ने अंतर्राज्यीय डोडा चूरा तस्करी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की। इसमें पुलिस ने पार्सल की आड में ट्रैवल्स बसों के जरिये तस्करी करने वाले मुख्य आरोपी सहित तीन जनों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तक नशे की तस्करी, करते थे। पुलिस ने करीब एक करोड़ पचास लाख रुपए बाजार कीमत की 16 क्विंटल 42 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया। उदयपुर एसपी योगेश गोयल ने बताया कि उदयपुर के अलख नयन हॉस्पीटल, प्रतापनगर के सामने एक दुकान में भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा रख कर उसको पार्सल के रूप में पैक करते समय शनिवार तड़के पुलिस ने कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिये चलाये जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, डिप्टी छगन राजपुरोहित के सुपरविजन में प्रताप नगर थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।