चित्तौड़गढ़ में प्रेमी संग भागने की साजिश नाना के घर दोहिती ने की लाखों की चोरी, 24 घंटे में खुलासा

चित्तौड़गढ़: नाना के घर दोहिती ने ही दी चोरी की वारदात को अंजाम, 24 घंटे में खुलासा
DS7NEWS
चित्तौड़गढ़, 12 मार्च। शहर के सिंचाई नगर किरखेडा इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे में ही खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान—करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि बरामद कर ली है।

दोहिती ने ही रची साजिश, किरायेदार सहेली और उसके पति के साथ मिलकर की चोरी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि चोरी की यह साजिश किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि घर की ही दोहिती ने रची थी। अपने प्रेमी के साथ भागकर शादी करने के लिए पैसों की जरूरत होने पर उसने अपनी सहेली और उसके पति के साथ मिलकर यह वारदात की।

ऐसे दिया चोरी को अंजाम
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि सोमवार को सिंचाई नगर किरखेडा निवासी शंकरलाल माली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह 8:30 बजे वह और उनकी पत्नी काम पर चले गए थे। घर पर उनकी दोहिती निर्मला उर्फ नीमा अकेली थी, जो अपनी किरायेदार सहेली कोमल उपाध्याय के साथ कोचिंग गई थी। दोपहर करीब 1 बजे दोनों घर लौटीं और चोरी की सूचना दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान दोहिती निर्मला और उसकी सहेली कोमल की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

आरोपियों से बरामद हुआ चोरी का माल
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने:

10 तोला सोने के आभूषण

डेढ़ किलो चांदी के आभूषण

8,000 रुपये नकद
बरामद कर लिए। चोरी में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा भी जब्त किया गया।


प्रेमी संग भागने की थी योजना
पुलिस पूछताछ में निर्मला ने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ भागकर शादी करना चाहती थी, जिसके लिए पैसों की जरूरत थी। सहेली कोमल और उसके पति दीपक कुमार ने 50-50 हजार रुपये के लालच में उसका साथ दिया।

आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में
पुलिस ने निर्मला उर्फ नीमा, कोमल उपाध्याय और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर दीपक को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस खुलासे में एएसआई नवरंग लाल की विशेष भूमिका रही।

DS7 NEWS NETWORK


Post a Comment

Previous Post Next Post