ऑपरेशन चक्रव्यूह: झोपड़ी में चल रहे एमडी सेटअप का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज प्रतापगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए एमडी बनाने के कथित मिनी सेटअप का खुलासा किया है। पुलिस थाना हथुनिया की टीम ने खेत में बनी एक झोपड़ी से 01 किलो 897 ग्राम अवैध एमडी जब्त कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एमडी तैयार करने में प्रयुक्त उपकरण, एक यामा मोटरसाइकिल, एक कार तथा एक लोडेड पिस्टल मय 05 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री बी. आदित्य के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त प्रतापगढ़ श्री गजेन्द्रसिंह राव के मार्गदर्शन में थानाधिकारी हथुनिया श्री उदयवीर सिंह ने मय जाप्ता यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 13.02.2026 को गश्त एवं अवैध गतिविधियों की निगरानी के दौरान टीम असावता से कुलथाना जाने वाले मार्ग पर पहुंची। असावता गांव से लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर सड़क से करीब 150 मीटर अंदर एक खेत में संदिग्ध परिस्थिति में एक मोटरसाइकिल और कार खड़ी दिखाई दी। पास ही सीमेन्ट की चादरों से बनी झोपड़ी में बल्ब जलता देख टीम को गतिविधि संदिग्ध लगी।
घेराबंदी के दौरान झोपड़ी में चार व्यक्ति मौजूद मिले, जिनमें से दो अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए, जबकि दो को मौके पर पकड़ लिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम मुराद खान पिता हमीद खान पठान, उम्र 28 वर्ष, निवासी असावता थाना हथुनिया तथा मोहम्मद जुनेद पिता शमसुदीन सैयद, उम्र 48 वर्ष, निवासी नागलपुर, थाना बी डिविजन, गुजरात बताया। फरार व्यक्तियों के बारे में कन्हैयालाल आंजना निवासी गंधेर थाना प्रतापगढ़ तथा शरीक उर्फ जेरी निवासी उज्जैन, मध्यप्रदेश के नाम सामने आए।
मौके की तलाशी में एक ट्रे में रखा मटमैला गीला पदार्थ, सफेद कपड़ा, दो सफेद जरिकेन, हीटर, इंडेक्शन कुकर, मिक्सर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, लोहे व स्टील की तगारियां, सोडा सहित अन्य उपकरण बरामद हुए, जिन्हें एमडी निर्माण से जुड़ा बताया गया। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
DS7NEWS NETWORK Pratapgarh
Tags
Breaking News