प्रदेश व्यापी बस हड़ताल का निंबाहेड़ा में असर, दूसरे दिन भी थमे पहिए
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ निंबाहेड़ा प्रदेशभर में निजी बस ऑपरेटर्स की बेमियादी हड़ताल का असर निंबाहेड़ा क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिला। हड़ताल के चलते निजी बसों के पहिए पूरी तरह थमे रहे, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ जिले का एक प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट माना जाता है, जहां से मध्य प्रदेश, उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, कोटा और जयपुर सहित कई महत्वपूर्ण रूटों पर बस सेवाएं संचालित होती हैं।
हड़ताल के कारण निंबाहेड़ा से बिनोता और बड़ी सादड़ी जैसे स्थानीय रूट भी प्रभावित रहे। नियमित बस सेवाएं बंद होने से रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों की आवाजाही बाधित हुई। सबसे अधिक दिक्कत छात्रों को उठानी पड़ रही है, क्योंकि इन दिनों बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं और कई विद्यार्थी निजी बसों पर निर्भर रहते हैं।
यात्रियों ने जल्द समाधान की मांग करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है। फिलहाल हड़ताल की समाप्ति को लेकर कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है, जिससे अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।
DS7NEWS NETWORK NIMBAHERA
Tags
Breaking News