शादी से लौटते वक्त दर्दनाक हादसा: डूंगरपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान गई
डीएस सेवन न्यूज डूंगरपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बोरी गांव के पास गुरुवार रात करीब 8 बजे एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से घर लौट रहे तीन परिजन असमय काल के गाल में समा गए। जानकारी के अनुसार, ढेड़को का वेला निवासी मगनलाल खराड़ी, जो पारगी फला नेगाला के प्राइमरी स्कूल में सरकारी शिक्षक थे, अपनी पत्नी विमला और चचेरी भाभी ललिता के साथ बाइक पर सवार थे। रास्ते में आगे चल रहे ट्रॉले के अचानक ब्रेक लगाने से बाइक सीधी ट्रॉले में जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि मगनलाल के भाई का निधन तीन साल पहले हो चुका था, ऐसे में इस दुर्घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। परिजनों के अनुसार, इस घटना के बाद कुल 14 बच्चे माता-पिता के साये से वंचित हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ही परिवार में एक साथ तीन मौतों से पूरे क्षेत्र में गहरा मातम है।
Tags
Breaking News