स्कूल में छात्रा पर गिरा ब्लैक बोर्ड, मौत, सीमेंट की ईंटों से बांस-बल्लियों के सहारे बनाया था कमरा, स्कूल संचालक फरार

डीएस सेवन न्यूज जालोर जिले के सायला थाना क्षेत्र के बावतरा गांव में संचालित एक निजी विद्यालय में दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मरूधर शिक्षण संस्था में पढ़ने वाली छह वर्षीय छात्रा प्रीति की ब्लैक बोर्ड गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कक्षा में अन्य बच्चों के साथ खेलते समय अचानक दीवार से जुड़ा ब्लैक बोर्ड ढह गया और बच्ची उसकी चपेट में आ गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस कमरे में कक्षाएं संचालित हो रही थीं, वह अस्थायी ढांचे के रूप में तैयार किया गया था। सीमेंट की ईंटों की दीवार, ऊपर बांस-बल्लियों का सहारा और तिरपाल की छत के बीच पढ़ाई का इंतजाम किया गया था। ब्लैक बोर्ड भी ईंटों से निर्मित बताया गया, जो हादसे का कारण बना।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। हादसे के बाद विद्यालय संचालक के फरार होने की बात सामने आई है। प्रकरण ने स्कूलों में सुरक्षा मानकों और ढांचागत व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post