चित्तौड़गढ़ गंगरार अवैध स्मैक व एमडीएमए पाउडर बनाने वाला 10 हजार रूपये का ईनामी वांछित आरोपी गिरफ्तार।

अवैध नशीले पदार्थ निर्माण प्रकरण में 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ निर्माण से जुड़े प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला जीवानायक का खेड़ा गांव स्थित एक रिहायशी मकान से स्मैक पाउडर, देशी शराब और प्रतिबंधित रसायनों की बरामदगी से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार 16 जनवरी को गंगरार थाना पुलिस ने वृत्ताधिकारी के सुपरविजन में जगदीश बंजारा के मकान पर दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान वहां से अवैध स्मैक पाउडर, उसे तैयार करने में काम आने वाले उपकरण, हथकढ़ देशी शराब तथा एमडीएमए पाउडर निर्माण से संबंधित रसायन जब्त किए गए थे। मौके से लगभग 15 लाख रुपये नकद, 13 एंड्रॉयड मोबाइल, 21 कीपैड मोबाइल, 4 लैपटॉप, इंजन व चेसिस नंबर गोदने की रॉड, नोट गिनने की मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटे सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद हुए थे। इस पर एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी जगदीश बंजारा गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार था। उसकी तलाश के लिए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी गंगरार शिवन्या सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। एएसआई संजय शर्मा, कांस्टेबल रामसिंह, महेंद्र सिंह, विद्याधर ढाका तथा नंदराम ने मुखबिर तंत्र की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
लगातार आसूचना संकलन और प्रयासों के बाद पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी जगदीश बंजारा पुत्र तुलसीराम बंजारा को गिरफ्तार कर लिया
 आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशा निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

DS7NEWS NETWORK CHITTORGARH 

Post a Comment

Previous Post Next Post