डीएस सेवन न्यूज प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया। एसपी बी. आदित्य के निर्देशन में की गई इस कार्यवाही के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए इलाके में नाकाबंदी की। इसी दौरान बसेड़ा गांव की ओर से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस को देखकर दोनों की हरकतों ने शक को और गहरा कर दिया। जानकारी के अनुसार, ये युवक पीछे से आ रही एक कार को स्कॉर्ट कर रहे थे।
नाकाबंदी के दौरान गुजरात नंबर की तेज रफ्तार कार ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की और जंगल की ओर भाग निकली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया, जिसमें कार सवार दो व्यक्तियों में से एक को पकड़ लिया गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन पाटीदार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर कार से 11 कट्टों में भरा 200 किलो 775 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह खेप छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव से भरी गई थी और इसे जालोर जिले तक पहुंचाने की योजना थी। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि इससे पहले भी इसी तरीके से दो बार तस्करी की जा चुकी थी। हालिया घटनाक्रम ने क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क की मौजूदगी की ओर इशारा किया है।
Tags
Breaking News