ऑपरेशन त्रिनेत्र में निम्बाहेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अफीम व डोडा चूरा के साथ दो कार जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में अवैध अफीम और डोडा चूरा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो कारों को जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आईजीपी रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन और डीएसपी बद्रीलाल के सुपरविजन में सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक सुरेश चंद और पुलिस टीम को विशेष रूप से तैनात किया गया था।
पहली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ईक्को कार को रोककर तलाशी ली। वाहन के अंदर रखी दो प्लास्टिक थैलियों से करीब 1 किलो 500 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इस मामले में कार चालक पीराराम प्रजापत निवासी मेकानियो की ढाणी पाटोदी, जिला बालोतरा को हिरासत में लिया गया। उसके साथ मौजूद दिनेश प्रजापत और मोहित वैष्णव को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई के दौरान एक स्विफ्ट कार की तलाशी में पुलिस को एक काले कट्टे में भरा हुआ लगभग 9 किलो 900 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा मिला। वाहन चालक वरिंदर सिंह निवासी जिला फाजिल्का, पंजाब को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
दोनों मामलों में जब्त मादक पदार्थों और वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए भी पड़ताल जारी है।
Tags
Breaking News