जिस केस की जांच भी नहीं थी, उसमें आरोपी बनाने की धमकी देकर मांगे 20 लाख: मांडवा थानाधिकारी व कांस्टेबल 8 लाख रिश्वत लेते ट्रैप
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर, । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) उदयपुर की स्पेशल यूनिट ने रविवार को बड़ी ट्रेप कार्रवाई करते हुए मांडवा थाना प्रभारी निर्मल कुमार खत्री और कांस्टेबल भल्लाराम पटेल को 8 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में चार लोगों को आरोपी नहीं बनाने की एवज में थानाधिकारी निर्मल कुमार ने परिवादी से 20 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि जिस प्रकरण में आरोपी बनाने की धमकी दी जा रही थी, उसकी जांच ही थानाधिकारी के पास नहीं थी।
परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने पहले रिश्वत मांग का सत्यापन किया और उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रेप कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार जैसे ही परिवादी ने पहली किस्त के रूप में 8 लाख रुपये आरोपियों को सौंपे, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सोनू शेखावत व टीम द्वारा की गई। रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी खंगाला जा रहा है कि रिश्वत की मांग में अन्य कोई पुलिसकर्मी या बिचौलिया शामिल तो नहीं था।
मुख्य बिंदु:
एनडीपीएस केस में नाम हटाने के नाम पर मांगे गए 20 लाख
पहली किस्त के रूप में 8 लाख लेते पकड़े गए थानाधिकारी और कांस्टेबल
जिस केस की जांच नहीं थी, उसी में आरोपी बनाने की धमकी देकर किया दबाव
एसीबी स्पेशल यूनिट उदयपुर की योजनाबद्ध ट्रेप कार्रवाई
Tags
Breaking News