दलौदा पुलिस की सतर्कता से वाहन चोर गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद
डीएस सेवन न्यूज मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंदसौर जिले में भी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में सभी थाना प्रभारियों को ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में थाना दलौदा पुलिस ने वाहन चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार थाना दलौदा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के दौरान दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उनि शुभम व्यास के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया और तकनीकी व अन्य साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने निगरानी बढ़ाई। सतर्कता के साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते समय पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान विक्रम उर्फ हवलदार पिता रामबीर सिंह बंजारा (26) निवासी थाना डोलना, जिला काशीराम नगर उत्तरप्रदेश के रूप में हुई। वह वर्तमान में मंदसौर के अभिनंदन नगर क्षेत्र के पास डोसी बिल्डिंग के आसपास रह रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल बरामद की गईं, जो दलौदा तथा कोतवाली थाना क्षेत्र से चोरी होना सामने आया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शुभम व्यास के साथ प्रधान आरक्षक दीपेन्द्र सिंह, आरक्षक कुलश्रेष्ठ सिंह और आरक्षक विजेन्द्र सिंह की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि उसने अन्य स्थानों पर भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
DS7NEWS NETWORK Madhya Pradesh
Tags
Breaking News