निंबाहेड़ा के एडीजे की पत्नी का शव ट्रेन के टॉयलेट में मिला, साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका
डीएस सेवन न्यूज निंबाहेड़ा में पदस्थ अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) राजकुमार चौहान की पत्नी ऊषा चौहान की मौत से जुड़ा एक दुखद मामला सामने आया है। बुधवार को उनका शव ट्रेन के टॉयलेट में मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम ने सभी को स्तब्ध कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डॉक्टरों ने मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक बताई है।
जानकारी के अनुसार एडीजे राजकुमार चौहान और उनकी पत्नी ऊषा चौहान 4 मार्च को कांचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। दोनों ने सोयत स्टेशन से निंबाहेड़ा तक का सफर तय करना था, लेकिन सीट अलग-अलग कोच में होने के कारण दोनों अलग डिब्बों में बैठे थे। जब बुधवार सुबह ट्रेन निंबाहेड़ा स्टेशन पहुंची तो एडीजे राजकुमार चौहान ट्रेन से उतर गए, लेकिन उनकी पत्नी प्लेटफॉर्म पर नजर नहीं आईं।
पत्नी के नहीं उतरने पर उन्होंने स्टेशन परिसर में काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत जीआरपी को दी गई। जीआरपी ने स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन महिला के ट्रेन से उतरने का कोई दृश्य सामने नहीं आया। इससे आशंका बढ़ गई कि वह ट्रेन के भीतर ही हो सकती हैं।
इस दौरान पुलिस ने महिला के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। जांच में मोबाइल की लोकेशन ट्रेन के भीतर ही मिलती रही। इसी बीच ट्रेन आगे बढ़ते हुए मध्यप्रदेश के रतलाम जिले की ओर पहुंच चुकी थी। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस ने आगे के स्टेशनों को सतर्क कर दिया और ट्रेन की जांच की तैयारी की गई।
जब ट्रेन जावरा स्टेशन पहुंची तो जीआरपी और रेलवे स्टाफ ने उस कोच में तलाशी अभियान शुरू किया, जिसमें महिला का आरक्षण था। कोच की जांच के दौरान टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर महिला अचेत अवस्था में मिलीं। उन्हें तुरंत जावरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि निंबाहेड़ा पहुंचने से कुछ समय पहले ऊषा चौहान ने अपने पति को फोन कर बताया था कि वह वॉशरूम जा रही हैं। इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। जब वह स्टेशन पर नहीं उतरीं तो पति ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलने पर रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी भी मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों की प्रारंभिक राय में महिला को साइलेंट हार्ट अटैक आने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही एडीजे के परिजन भी जावरा पहुंच गए।
बाद में परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव अपने साथ ले लिया। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार जोधपुर में किया जाएगा। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल पैदा कर दिया है।
Tags
Breaking News