नारायणगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 402 किलो डोडाचूरा जब्त
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर जिले की नारायणगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी की महिंद्रा स्कॉर्पियो-N कार से कुल 402 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार दिनांक 18 मई 2026 को उपनिरीक्षक के.एल. प्रजापति पुलिस बल के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भांगी पिपलिया से चौथखेड़ी रोड की ओर एक संदिग्ध वाहन में अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महिंद्रा स्कॉर्पियो-N वाहन क्रमांक RJ 14 UN 7855 को रोका।
तलाशी लेने पर वाहन में रखे 20 प्लास्टिक कट्टों से कुल 402 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी लालसिंह पिता कमलसिंह बौराना, उम्र 34 वर्ष, निवासी दोरवाड़ी थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 130/26 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में फरार आरोपी सुरेन्द्र बांछड़ा निवासी ग्राम डोडिया मीणा थाना वायडी नगर जिला मंदसौर की तलाश की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 402 किलोग्राम डोडाचूरा, एक महिंद्रा स्कॉर्पियो-N कार तथा एक टेक्नो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस अब आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
Tags
Breaking News