चित्तौड़गढ़ में शराब ठेके पर बवाल: पर्यटकों और कर्मचारियों में मारपीट, छह गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले के सदर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक शराब ठेके पर पर्यटकों और कर्मचारियों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित शराब ठेके पर विवाद हुआ था। बताया गया कि इंदौर निवासी हर्ष सिसोदिया और महाराष्ट्र निवासी राज सरडकर सांवलियाजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान वे शराब ठेके पर पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर कर्मचारियों से कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कुछ देर तक वहां हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। ठेका कर्मचारियों ने पर्यटकों पर बिना पैसे शराब ले जाने का आरोप लगाया है, जबकि पर्यटकों का कहना है कि कर्मचारियों ने उनके साथ डंडों से मारपीट की।
घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल छह लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार किया। इनमें दो पर्यटक और चार ठेका कर्मचारी शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तय समय के बाद भी शराब बिक्री होने को लेकर नाराजगी जताई। लोगों ने आबकारी विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नियमों की सख्ती से पालना कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है
Tags
Breaking News