गरोठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सब्जियों की आड़ में हो रही डोडाचूरा तस्करी पकड़ी
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर जिले के गरोठ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 324 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। आरोपी पिकअप वाहन में ऊपर सब्जियां भरकर नीचे गुप्त स्कीम बनाकर मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर वाहन, मोबाइल फोन सहित लाखों रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील तथा एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिकअप वाहन, जिस पर RJ17GB2340 नंबर प्लेट लगी है, मेलखेड़ा की ओर से बर्डिया अमरा होते हुए 8 लेन हाईवे की तरफ जाएगी। वाहन में ऊपर सब्जियां रखी गई हैं, जबकि नीचे अवैध डोडाचूरा छिपाकर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नारिया बुजुर्ग फंटा पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच में पिकअप के डाले में बैंगन, फूलगोभी, बंदगोभी, भिंडी और करेला से भरी प्लास्टिक की थैलियों के नीचे विशेष रूप से बनाई गई स्कीम में 16 काले प्लास्टिक कट्टे मिले। कट्टों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 324 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपी असरब उर्फ अशरफ पिता ईस्माइल मंसूरी (26) निवासी मेलखेड़ा थाना शामगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 49 हजार 500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में उपयोग की जा रही महिंद्रा पिकअप वाहन और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। गरोठ थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों में की जानी थी।
जब्त सामग्री
324 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा
महिंद्रा पिकअप वाहन
2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
NDPS एक्ट के तहत पूर्व में मामला दर्ज
मारपीट और धमकी से जुड़े प्रकरण भी दर्ज
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव, सउनि बालमुकुंद परमार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए इसे मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
Tags
Breaking News