डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ शहर में बुधवार दोपहर अंडर ब्रिज के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। तेज गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें पेट्रोल पंप के पीछे तक पहुंचने से कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि पेट्रोल पंप की केबल और वहां रखा कुछ अन्य सामान भी इसकी चपेट में आ गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए पेट्रोल और डीजल भरने का कार्य भी रोक दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद की दो दमकल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग में आसपास की झाड़ियां जलकर राख हो गईं और काफी देर तक इलाके में धुआं छाया रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
Tags
Breaking News