डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंड गांव के पास “राजनंदिनी” नाम की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बस चित्तौड़गढ़ से प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुई थी। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार बस सर्विस रोड से अचानक मुख्य हाईवे पर चढ़ गई और चालक संतुलन खो बैठा। इसके बाद बस डिवाइडर, सुरक्षा रेलिंग और बिजली के पोल को तोड़ते हुए पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस की छत पर भी कई यात्री बैठे हुए थे। बस पलटते ही कई लोग सड़क पर जा गिरे। गनीमत रही कि पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण, राहगीरों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही भादसोड़ा थाना पुलिस और हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को भादसोड़ा सीएचसी, मंडफिया अस्पताल और चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
हादसे में बारां जिले के नपनिया गांव निवासी 32 वर्षीय रघुवीर मीणा की मौत हो गई। बस में राजस्थान के विभिन्न जिलों सहित उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु भी सवार थे। यात्रियों में जयपुर, कोटा, सवाई माधोपुर और जोधपुर क्षेत्र के लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस बिना वैध परमिट के संचालित हो रही थी और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। कई यात्री बस की छत पर भी बैठे हुए थे। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही और नियमों की अनदेखी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद नायब तहसीलदार शिवशंकर पारीक अस्पताल पहुंचे और घायलों की जानकारी ली। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु किया जा सका।
Tags
Breaking News