पशुआहार की आड़ में की तस्करी नाकाम
सदर निम्बाहेड़ा पुलिस का ऑपरेशन त्रिनेत्र में बड़ा एक्शन, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ जिले की सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 क्विंटल डोडा चूरा जब्त किया है। पुलिस ने पशुआहार की आड़ में ट्रक के जरिए की जा रही तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन में थाना अधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे स्थित वंडर पुलिया के पास नाकाबंदी कर रखी थी।
नाकाबंदी के दौरान नीमच की ओर से आ रहे पंजाब नंबर के एक टाटा ट्रक को रुकवाया गया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम की तत्परता के चलते वाहन को घेरकर रोक लिया गया। तलाशी लेने पर ट्रक में भरे पशुआहार के कट्टों के नीचे 29 कट्टों में छिपाकर रखा गया 593 किलो 100 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी घबराए हुए नजर आए, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के तरणतारण जिले निवासी साहिब सिंह (40) और अजय कल्ला (26) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े हुए हैं और पहले भी मध्यप्रदेश से पंजाब तक बड़ी खेप पहुंचा चुके हैं।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े सिंडिकेट की कड़ियां खंगालने में जुट गई है। मामले में ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अमृतलाल मीणा, सहायक उप निरीक्षक सुन्दरपाल, कांस्टेबल जीवनलाल, श्यामलाल, धर्मचंद, दयाराम, ओपीलाल, शिवकुमार तथा हवलदार उस्ताद महावीर सिंह की अहम भूमिका रही।
Tags
Breaking News