चित्तौड़गढ़ CBN की ओछड़ी टोल पर कार्रवाई, पत्थरों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 101.720 किलो डोडा चूरा जब्त 1 आरोपी गिरफ्तार

ओछड़ी टोल पर सीबीएन की कार्रवाई, 101.720 किलो डोडा चूरा बरामद

डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़, 2 जून। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की चित्तौड़गढ़ इकाई ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 101.720 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई जिले के ओछड़ी टोल नाके पर प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, सीबीएन अधिकारियों को सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अधिकारियों ने ओछड़ी टोल नाके पर संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रॉली में भरे पत्थरों के नीचे छिपाकर रखे गए पांच कट्टों से कुल 101.720 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में उपयोग किए गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सीबीएन अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है तथा इस तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि "नशा मुक्त भारत अभियान" के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

Post a Comment

Previous Post Next Post