चित्तौड़गढ़ में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, एक दिन में 111 वांछित आरोपी दबोचे

97 विशेष टीमों की जिलेभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो इनामी बदमाश सहित एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के आरोपी भी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को चलाए गए विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान में चित्तौड़गढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली। जिलेभर में एक साथ की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 111 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान दो इनामी बदमाश भी पुलिस के हत्थे चढ़े।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देशन में चलाए गए इस व्यापक अभियान में जिले के सभी पुलिस वृत्तों और थानों की भागीदारी रही। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा द्वारा की गई। वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पहले से रणनीति तैयार कर अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

जिलेभर में गठित 97 विशेष पुलिस टीमों में 575 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। सोमवार तड़के पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों और संभावित छिपने के स्थानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गंभीर अपराधों में वांछित 29 आरोपियों सहित कुल 111 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 31 व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की। राशमी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 5 किलो 730 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान सिरोही जिले का चार हजार रुपये का इनामी आरोपी संजय जाट तथा चित्तौड़गढ़ जिले का पांच हजार रुपये का इनामी आरोपी राकेश विश्नोई भी पुलिस की गिरफ्त में आया। दोनों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि जिले में अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post