छत गिरने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, सिंगोली में मातम

डीएस सेवन न्यूज नीमच। जिले के सिंगोली नगर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे घर के भीतर मौजूद मां और बेटे मलबे में दब गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान निलेश धनोतिया और उनकी माता सोसरबाई धनोतिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात दोनों घर के अंदर थे, तभी अचानक छत की पट्टियां टूटकर नीचे आ गिरीं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव का प्रयास शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाया गया और दोनों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं नगरवासियों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से माहौल गमगीन बना हुआ है।

प्रारंभिक जांच में मकान की छत कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सिंगोली में हुई इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल में मां और बेटे की जिंदगी खत्म होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post