मोर का शिकार करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले के सीतामऊ क्षेत्र में राष्ट्रीय पक्षी मोर के अवैध शिकार का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बेटीखेड़ी में दो व्यक्तियों को मोर का शिकार करते हुए ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपियों के कब्जे से एक मृत मोर तथा शिकार में इस्तेमाल की गई गिलोल बरामद की।

वन विभाग ने आरोपी करण बांचड़ा (18) और प्रकाश बांचड़ा (39), निवासी छोटी बेटीखेड़ी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से एक आरोपी को जिला जेल और दूसरे को बाल सुधार गृह भेजने के आदेश दिए गए हैं।

वन अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और शिकार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय पक्षी को मिला है विशेष संरक्षण

भारतीय मोर देश का राष्ट्रीय पक्षी होने के साथ-साथ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित श्रेणी में शामिल है। इस प्रजाति के शिकार या उससे जुड़े अपराधों को गंभीर अपराध माना जाता है। कानून के तहत दोषी पाए जाने पर कठोर कारावास और आर्थिक दंड दोनों का प्रावधान है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों से जुड़े किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि जैव विविधता और संरक्षित प्रजातियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post