डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। थाना अफजलपुर पुलिस ने रात्रि में घर में घुसकर चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई 450 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की चांदी की एक जोड़ी सट जब्त की है, जबकि वारदात में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मंदसौर ग्रामीण श्रीमती कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार फरियादी रामदास निवासी टांकेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 जून 2026 की रात उसके मित्र गुलबाज और उसका साथी दीपक उसके घर मिलने आए थे। दोनों को कमरे में बैठाने के दौरान मौका पाकर उन्होंने घर में रखे पुराने घरेलू चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। फरियादी ने पहले अपने स्तर पर दोनों की तलाश और संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर थाना अफजलपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
रिपोर्ट के आधार पर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 158/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम कुचड़ोद में चांदी की सट बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुलबाज उर्फ सोहेल पिता असलम (20 वर्ष) निवासी खिलचीपुरा रोड, थाना नई आबादी, मंदसौर बताया तथा अपने साथी दीपक के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई 450 ग्राम वजनी चांदी की एक जोड़ी सट बरामद कर विधिवत जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार आरोपी दीपक पिता फकीरचंद निवासी कुबेर मंदिर के पास, खिलचीपुरा, मंदसौर की तलाश जारी है। प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
गुलबाज उर्फ सोहेल पिता असलम, उम्र 20 वर्ष, निवासी खिलचीपुरा रोड, मंदसौर, थाना नई आबादी।
फरार आरोपी:
दीपक पिता फकीरचंद, निवासी कुबेर मंदिर के पास, खिलचीपुरा, मंदसौर, थाना नई आबादी।
जब्त मशरुका:
450 ग्राम वजनी चांदी की एक जोड़ी सट, अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं थाना अफजलपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
Breaking News