बालाजी मंदिर का गेट काटकर दान पेटी से चोरी करने वाले शातिर गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार, 20 हजार रुपये नगदी व बाइक बरामद
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। थाना अफजलपुर पुलिस ने ग्राम रठाना स्थित बालाजी मंदिर में रात्रि के समय चेनल गेट काटकर दान पेटी से चोरी करने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 20 हजार रुपये नगदी, घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा लोहे का कटर जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 की दरमियानी रात ग्राम रठाना स्थित बालाजी मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने चेनल गेट काटकर दान पात्र को खोल लिया और उसमें रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 134/2026 धारा 305(डी), 324(4) एवं 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान साइबर सेल की सहायता से 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेही रोहित को चिन्हित कर सघन पूछताछ की गई, जिसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के नाम बताए। इसके आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी रोहित से चोरी की गई 20 हजार रुपये नगदी एवं घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल तथा आरोपी रणजीत से एक लोहे का कटर जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- रोहित पिता प्रहलाद (26 वर्ष), निवासी पामाखेड़ा, थाना मल्हारगढ़, जिला मंदसौर
- अनिल पिता भरतलाल (21 वर्ष), निवासी गुराड़िया लालमुहा, थाना दलौदा
- रणजीत पिता कंवरलाल (25 वर्ष), निवासी गुराड़िया लालमुहा, थाना दलौदा
- पवन पिता भरतलाल (20 वर्ष), निवासी गुराड़िया लालमुहा, थाना दलौदा
जब्त
- 20 हजार रुपये नगदी
- टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल
- लोहे का कटर (01)
सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय, थाना अफजलपुर पुलिस टीम एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।