डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक का कथित तौर पर फिल्मी अंदाज में अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मावली निवासी हिम्मत सिंह सोलंकी अपनी कार (आरजे 27 सीएन 9701) से कैलाशपुरी क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला से मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह सड़क किनारे वाहन खड़ा कर महिला का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान करीब दस मिनट के भीतर बिना नंबर की सफेद पिकअप वहां पहुंची और उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पिकअप से उतरे करीब 8 से 10 लोगों ने लाठियों और पत्थरों से कार पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि हमलावरों ने हिम्मत सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की और गंभीर रूप से घायल करने के बाद उन्हें जबरन पिकअप में डालकर मौके से फरार हो गए।
घटना को लेकर पीड़ित के रिश्तेदार सुरेंद्र सिंह ने सुखेर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि महिला के पति, ससुर और उसके भाई ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के अनुसार इस घटना की वजह करीब एक साल से चल रहा प्रेम प्रसंग और उससे जुड़ी आपसी रंजिश बताई जा रही है।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए हिम्मत सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल चार संदिग्धों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम के साथ-साथ मामले की पृष्ठभूमि की भी गहन जांच कर रही है।
Tags
Breaking News