गोवर्धन सागर झील में युवती ने लगाई छलांग, 10 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन में बाहर निकाला गया शव
डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। शहर की गोवर्धन सागर झील में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। सुबह करीब 8:30 बजे गोवर्धन विलास थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती ने झील में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस) की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।
उप नियंत्रक राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर टीम ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए लगभग 10 मिनट के भीतर युवती का शव झील से बाहर निकाल लिया। इसके बाद शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गोवर्धन विलास थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान उषा गमेती (21 वर्ष) पुत्री भेरूलाल गमेती, निवासी शिकारवाड़ी के रूप में हुई है।
रेस्क्यू अभियान में विजय नकवाल, रवि शर्मा, महेंद्र सिंह मसानी, सुरेश सालवी, मुकेश सेन, प्रशिक्षु जवान गोपाल तथा चालक प्रकाश राठौड़ शामिल रहे। अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने में चालक प्रकाश राठौड़ की विशेष भूमिका रही।
फिलहाल गोवर्धन विलास थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Tags
Breaking News