उदयपुर कन्हैयालाल टेलर हत्याकांड के 4 साल पूरे अस्थियां आज भी घर में, परिवार बोला— सजा मिलने तक नहीं होगा विसर्जन

डीएस सेवन न्यूज उदयपुर। बहुचर्चित कन्हैयालाल टेलर हत्याकांड को रविवार, 28 जून को चार वर्ष पूरे हो गए। घटना के इतने लंबे समय बाद भी पीड़ित परिवार इंसाफ का इंतजार कर रहा है। परिवार ने कन्हैयालाल की अस्थियों का विसर्जन अब तक नहीं किया है। उनका कहना है कि जब तक अदालत से आरोपियों को अंतिम सजा नहीं मिल जाती, तब तक अस्थियां घर में ही सुरक्षित रखी जाएंगी।

परिवार के घर में रखी कन्हैयालाल की सिलाई मशीन आज भी उनकी यादों का सबसे बड़ा प्रतीक बनी हुई है। परिजन बताते हैं कि मशीन को देखते ही उनकी यादें ताजा हो जाती हैं और पूरा परिवार भावुक हो उठता है। उनके लिए यह केवल एक मशीन नहीं, बल्कि कन्हैयालाल के संघर्ष और जीवन की निशानी है।

परिवार का कहना है कि 28 जून 2022 की घटना ने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। चार साल बीत जाने के बावजूद घर का माहौल सामान्य नहीं हो पाया है। कन्हैयालाल की पत्नी जशोदा के अनुसार, घटना के बाद से परिवार ने न कोई त्योहार मनाया और न ही किसी प्रकार का पारिवारिक उत्सव या जन्मदिन मनाया है। उनका कहना है कि परिवार की खुशियां तभी लौटेंगी, जब उन्हें न्याय मिलेगा।

मामले की सुनवाई के लिए विशेष अदालत का गठन किया गया था और सप्ताह में दो दिन नियमित सुनवाई भी हो रही है। इसके बावजूद अब तक 166 गवाहों में से केवल 30 से 35 गवाहों के ही बयान दर्ज हो सके हैं। सुनवाई की धीमी रफ्तार को लेकर परिजनों ने चिंता जताई है और मामले में जल्द सुनवाई कर अंतिम निर्णय देने की मांग की है।

चार साल बाद भी परिवार की उम्मीद न्यायपालिका पर टिकी हुई है। उनका कहना है कि उन्हें विश्वास है कि एक दिन दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी और उसी दिन वे कन्हैयालाल की अस्थियों का विसर्जन कर अपने संकल्प को पूरा करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post