भीलवाड़ा में MP पुलिस का हेड कांस्टेबल रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने होटल में की ट्रैप कार्रवाई

डीएस सेवन न्यूज भीलवाड़ा/रतलाम। राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में पदस्थ एक हेड कांस्टेबल को भीलवाड़ा के एक होटल से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई, थाना औद्योगिक नगर रतलाम में तैनात है। एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान उसकी जेब से 50 हजार रुपये बरामद किए।

जानकारी के अनुसार मामला रतलाम में दर्ज एक जमीन धोखाधड़ी प्रकरण से जुड़ा है। शिकायत में आरोप था कि भीलवाड़ा निवासी मोहम्मद लियाकत ने रतलाम स्थित एक बंद ऑयल मिल और उससे जुड़ी जमीन का सौदा 11 करोड़ 10 लाख रुपये में कराया था। आरोप है कि इस सौदे के नाम पर 25 लाख 76 हजार रुपये लेने के बावजूद न तो जमीन का अनुबंध कराया गया और न ही वास्तविक मालिक से मुलाकात कराई गई। इस शिकायत पर रतलाम के औद्योगिक नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने लियाकत को गिरफ्तार कर लिया था।

जांच के दौरान हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई पर आरोप लगा कि उसने आरोपी के साथ मारपीट नहीं करने, हथकड़ी पहनाकर सार्वजनिक रूप से नहीं घुमाने और जांच में सहयोग देने के बदले 1 लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बताया गया कि पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे, जबकि शेष राशि में से 50 हजार रुपये भीलवाड़ा में लेने की बात तय हुई।

इस बीच आरोपी पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत राजस्थान एसीबी से कर दी। तय योजना के अनुसार रतलाम पुलिस की टीम, जिसमें हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई, एएसआई कैलाश सैनी और एक अन्य कॉन्स्टेबल शामिल थे, लियाकत को लेकर भीलवाड़ा पहुंची और एक होटल के कमरा नंबर 104 में रुकी।

शिकायत के अनुसार इसी दौरान हेड कांस्टेबल ने दोबारा रुपये देने का दबाव बनाया और रकम नहीं मिलने पर आरोपी को हथकड़ी पहनाकर शहर में घुमाने की धमकी दी। दूसरी ओर एसीबी की टीम होटल के कमरा नंबर 105 में पहले से मौजूद थी। जैसे ही शिकायतकर्ता की ओर से तय संकेत मिला, टीम ने कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल तपेश गोसाई को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

वहीं रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार का कहना है कि इस मामले में एएसआई कैलाश सैनी और साथ मौजूद दूसरे कॉन्स्टेबल की भूमिका फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post