डग पुलिस और DST की संयुक्त कार्रवाई, 48.430 किलो डोडा चूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज झालावाड़ | मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डग थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 48 किलो 430 ग्राम अवैध अफीम निर्मित डोडा चूरा और परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी एसएक्स-4 कार जब्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, 28 जून 2026 को गश्त के दौरान डग थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने ग्राम चौकड़ी खुर्द स्थित खाल की पुलिया और श्मशान घाट के बीच चौकड़ी खुर्द-रतनपुरा मार्ग पर कार्रवाई की। इस दौरान एक मारुति सुजुकी एसएक्स-4 कार को रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 48 किलो 430 ग्राम अवैध अफीम निर्मित डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दिनेश (22) पुत्र सोहनराम, निवासी जाम्बा, थाना जाम्बा, जिला फलोदी (राजस्थान) तथा देवेन्द्रसिंह (25) पुत्र राघुसिंह, निवासी उदयपुर, थाना बड़ोद, जिला आगर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और कार को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
Breaking News