भावगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई: दिनदहाड़े बाइक से 25 किलो डोडाचूरा ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले के भावगढ़ थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल से अवैध डोडाचूरा की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25 किलोग्राम पीसा हुआ डोडाचूरा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी को भी नामजद किया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल तथा ग्रामीण अनुभाग की अधिकारी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में भावगढ़ थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को भावगढ़-दलौदा मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बजाज सीटी-100 (एमपी 44 एमयू 5749) पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। दोनों के बीच सफेद रंग का प्लास्टिक का कट्टा रखा हुआ था। पुलिस चेकिंग देखकर चालक ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लखन पिता गोपाल सूर्यवंशी (22 वर्ष) एवं जीवन पिता पन्नालाल सूर्यवंशी (28 वर्ष) निवासी ग्राम मजेसरी, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 25 किलोग्राम पीसा हुआ अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि यह मादक पदार्थ प्रहलाद पिता गोपाल सूर्यवंशी, निवासी मजेसरी, ने उन्हें दिया था। पुलिस ने उसे भी प्रकरण में आरोपी बनाया है। इस संबंध में अपराध क्रमांक 131/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 25 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग 40 हजार रुपये), बाइक (कीमत 50 हजार रुपये), एक वीवो मोबाइल (10 हजार रुपये) तथा एक ओप्पो मोबाइल (10 हजार रुपये) जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वरसिंह कटारा, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया, प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश चौहान, राजपाल सिंह तथा आरक्षक सुरेन्द्र सिंह, शुभम सिंह बुंदेला और करण सिंह की सराहनीय भूमिका रही।