सिंगोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाकाबंदी देख पिकअप मोड़कर भाग रहा था तस्कर; 450 किलो डोडाचूरा जब्त, अजमेर का आरोपी गिरफ्तार

नाकाबंदी देख भागने लगा तस्कर, सिंगोली पुलिस ने 450.800 किलो डोडाचूरा समेत दबोचा; 72.64 लाख का मशरूका जब्त।डीएस सेवन न्यूज नीमच (सिंगोली), 13 जुलाई प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। तिलस्वां घाट के पास की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। जब्त मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल मशरूका की अनुमानित कीमत 72 लाख 64 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सिंगोली-कांस्या आम रोड पर तिलस्वां घाट के नीचे पहले मोड़ पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सिंगोली की ओर से आ रही सफेद रंग की पिकअप (आरजे 42 जीए 4006) नाकाबंदी के पास पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर वापस भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर पिकअप को रोक लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर त्रिपाल के नीचे छिपाकर रखे गए 28 काले प्लास्टिक के कट्टों में कुल 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। इसके बाद पुलिस ने मौके से चालक जसराज पिता बन्नालाल घासल जाट (37), निवासी शमशान घाट के पास, ग्राम जीरोता, तहसील अराई, थाना बोराडा, जिला अजमेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस अब यह जानकारी जुटाने में लगी है कि बरामद डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

जब्त मशरूका

  • 450.800 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, अनुमानित कीमत ₹67,62,000
  • सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक RJ 42 GA 4006), अनुमानित कीमत ₹5,00,000
  • एक मोबाइल फोन, अनुमानित कीमत ₹1,000
  • प्लास्टिक त्रिपाल एवं रस्सी, अनुमानित कीमत ₹1,500

कुल अनुमानित कीमत: ₹72,64,500।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी हर्ष राठौर (जावद) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा और उनकी टीम द्वारा की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post