दलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 ग्राम स्मैक, 3.100 किलो डोडाचूरा और एक्टिवा जब्त, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले की दलौदा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम स्मैक पाउडर और 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और दो एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.76 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने पर दलौदा-धुंधड़का रोड स्थित श्मशान घाट के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार एक पुरुष और एक महिला को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 ग्राम स्मैक पाउडर तथा 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा उर्फ शिवनारायण परिहार (34) एवं नीलु (31) निवासी अंबिका नगर, दलौदा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से मादक पदार्थों के अलावा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (एमपी 14 जेडएच 6438) और दो एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किए।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना दलौदा में अपराध क्रमांक 255/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 15 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना जावरा शहर (जिला रतलाम) में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण तथा आरोपी शिवा के खिलाफ थाना भावगढ़ में अवैध शराब तस्करी एवं मारपीट का मामला दर्ज होना पाया गया है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी, सहायक उपनिरीक्षक कैलाश बघेल, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र त्रिवेदी, आरक्षक युवराज सिंह, आरक्षक सुनील तथा महिला आरक्षक रीना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।