ऑपरेशन 'त्रिनेत्र' में केलवाड़ा पुलिस की लगातार तीसरी बड़ी सफलता, 453.64 किलो डोडा पोस्त और स्कॉर्पियो जब्त
डीएस सेवन न्यूज केलवाड़ा (राजसमंद)। जिले की केलवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगातार तीसरी बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सफेद स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 से 453.64 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर वाहन सहित जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 68 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई उदयपुर रेंज में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत की गई। जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई तथा वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में केलवाड़ा थाना प्रभारी मन्मथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रुकवाकर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में रखे 23 प्लास्टिक कट्टों से कुल 453.64 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस मामले में केलवाड़ा थाने में प्रकरण संख्या 105/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण की जांच एसएचओ सुभोध जांगिड़ को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत केलवाड़ा थाना पुलिस की अब तक की तीन प्रमुख कार्रवाइयों में कुल 2.13 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ तथा तीन स्कॉर्पियो वाहन जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
Tags
Breaking News