माही नदी में लापता 17 वर्षीय छात्र की तलाश जारी, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी, अब तक नहीं मिला कोई सुराग
डीएस सेवन न्यूज बांसवाड़ा। जिले में 17 वर्षीय छात्र देवराज राठौड़ के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। छात्र के गायब होने के बाद पुलिस और SDRF की टीम माही नदी में लगातार तलाश कर रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार देवराज 9 जुलाई की सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंचा। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसका मोबाइल एक मेडिकल स्टोर पर मिला। मोबाइल की जांच करने पर उसमें माही पुल पर सुबह करीब 10 बजे खींची गई कुछ तस्वीरें मिलीं।
इसके बाद परिजनों और पुलिस ने माही नदी क्षेत्र में तलाश की, जहां नदी किनारे छात्र की शर्ट, पैंट, जूते और रूमाल बरामद हुए। घटनास्थल से मिले सामान के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पीपलखूंट थाना पुलिस और बांसवाड़ा कोतवाली में सूचना दर्ज कराई गई।
सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और माही नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक चले अभियान के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं, छात्र के साथ उस दिन मौजूद बताए जा रहे दो दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि मामले की हर कड़ी स्पष्ट हो सके।