पिपलियामंडी पुलिस की कार्रवाई, पंजाब के दो आरोपी दबोचे; बिहार के एक आरोपी की तलाश जारी
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले की पिपलियामंडी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 97.620 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 पहिया टाटा ट्रक, एक एंड्रॉयड मोबाइल और अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। जब्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत 16 लाख 2 हजार 620 रुपये बताई गई है।पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं मल्हारगढ़ एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम महू-नीमच हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान होटल केशव के सामने सड़क किनारे खड़े 12 पहिया ट्रक क्रमांक PB46M9420 के केबिन से दो व्यक्ति उतरकर सौकड़ी की ओर कच्चे रास्ते से भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सुखवीर सिंह (38) निवासी मजीठा रोड बायपास, अमृतसर (पंजाब) तथा सुरजीत सिंह (40) निवासी ग्राम नतकंड़िला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में बताई। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें रखे पांच काले कट्टों से कुल 97.620 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। साथ ही एक पोको कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त 12 पहिया टाटा ट्रक भी जब्त किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ उन्हें आजाद पिता मुस्तफा फकीर निवासी निपानिया, जिला छपरा (बिहार) से मिला था। पुलिस ने उसे मामले में फरार आरोपी बनाया है और उसकी तलाश जारी है।
इस संबंध में थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के साथ उपनिरीक्षक संतोष मुनिया, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक नागेश्वर पाटीदार, रिंकु सिंह, दिलीप मेघवाल एवं पवन सिंह बोराना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।