एनडीपीएस एक्ट के 3 हजार के इनामी फरार आरोपी को मल्हारगढ़ पुलिस ने दबोचा, कोर्ट में किया पेश
डीएस सेवन न्यूज मंदसौर। जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मल्हारगढ़ थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 3 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की तलाश तेज की गई है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमिर पिता मुनव्वर खान (36) निवासी अंसार नगर, हुसैनी चौक, रखियाल रोड, अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। आरोपी थाना मल्हारगढ़ के अपराध क्रमांक 96/2025 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 एवं 29 के तहत दर्ज प्रकरण में घटना के दिन से फरार चल रहा था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वहीं, पुलिस अधीक्षक द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने 8 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस कार्रवाई में मल्हारगढ़ थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।