चित्तौड़गढ़ में होटल, लॉज व गेस्ट हाउस संचालकों को ई-विजिटर्स पोर्टल का प्रशिक्षण, ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य
डीएस सेवन न्यूज चित्तौड़गढ़ | 02 जुलाई 2026 जिले में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने के उद्देश्य से गृह विभाग, राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन, चित्तौड़गढ़ में ई-विजिटर्स पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान सेल) एवं नोडल अधिकारी अशोक कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ। इसमें जिला मुख्यालय क्षेत्र के होटल, धर्मशाला, सराय, लॉज, गेस्ट हाउस, होम-स्टे तथा अन्य आवासीय संस्थानों के संचालकों ने भाग लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान संचालकों को ई-विजिटर्स पोर्टल के उपयोग, आगंतुकों की ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया तथा रिकॉर्ड संधारण से जुड़े आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में संचालकों को निर्देश दिए गए कि उनके संस्थानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर ई-विजिटर्स पोर्टल पर दर्ज किया जाए। इससे पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने में पुलिस को सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि किसी संस्थान द्वारा पोर्टल पर आगंतुकों की जानकारी दर्ज करने में लापरवाही या अनियमितता बरती जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Breaking News